प्रधान की मनमानी से ग्रामीण परेशान, नहीं बन पा रहे शौचालय

फिरोजाबाद ब्यूरो।

जनपद को खुले में शौच से मुक्त कराने के लिए एक तरफ जहां अधिकारियों की पूरी फौज लगी हुई है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग इस अभियान की सफलता में रोड़ा अटकाने से बाज नहीं आ रहे हैं।

ताजा मामला विकासखंड हाथवंत के ग्राम पंचायत लालई का है जहां प्रधान की तानाशाही से शौचालय निर्माण का कार्य रुक गया है।  गौरतलब है कि ग्राम पंचायत लालई में युवाओं ने मिशन उन्नत ग्राम युवा कमेटी के नाम से एक कमेटी का गठन किया था, जिसका कार्य ग्रामीणों में शौचालय व स्वच्छता के लिए जागरुकता फैलाना था।  अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के बाद उक्त कमेटी ने पात्र ग्रामीणों को शौचालय बनवाने के लिए प्रेरित किया लेकिन प्रधान ने असहयोग दिखाते हुए शौचालय निर्माण कर रहे ग्रामीणों को पैसे न देने की बात कही जिससे कि शौचालय निर्माण का कार्य खटाई में पड़ता नजर आ रहा है।

आज कमेटी ने सरकारी विद्यालय पर एक बैठक का आयोजन किया जिसमें ग्राम पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान को भी आमंत्रित किया था। बैठक का उद्देश्य तय समय सीमा के अंदर गांव को खुले में शौच से मुक्त कराने पर चर्चा करना था लेकिन कमेटी व ग्राम पंचायत सचिव, प्रधान का इंतजार करते रहे। ग्राम प्रधान बैठक स्थल पर आने के बाद भी बैठक में सम्मिलित नहीं हुए और बाद में आने की बात कहकर वहां से निकल लिए।

अब देखना यह है कि क्या प्रशासन इस प्रकार का रवैया रखने वाले ग्राम प्रधान पर कोई कड़ी कार्यवाही करेगा या नहीं।

रिपोर्ट- आदित्य वशिष्ठ

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राष्ट्रीय युवा वाहिनी गौ प्रकोष्ठ का हल्ला बोल, किया प्रदर्शन

श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन हुई रस वर्षा

बच्चों ने निकाला शांति मार्च